
- नहीं चला मुख्यमंत्री और अन्य मंत्रियों का जादू
- उपचुनाव भाजपा के नकारात्मक और झूठी राजनीति की करारी हार: डी.पी.यादव
ए अहमद सौदागर
लखनऊ। घोसी विधानसभा उपचुनाव भारी जीत दर्ज कर जनता की ओर बढ़ रही समाजवादी पार्टी के पक्ष में जिस तरह से परिणाम सामने आए हैं, उससे बड़े-बड़े राजनैतिक धुरंधरों के पेशानी पर बल साफ़ दिखाई पड़ रहे हैं। वहीं इस मामले में प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सपा नेता डी.पी. यादव ने कहा कि इस उप चुनाव में भाजपा की हार उसके नफरतिया,नकारात्मक व झूठी राजनीति की करारी हार है। भाजपा की सरकार में जनता बेतहाशा व कमरतोड़ महंगाई,ऐतिहासिक बेरोजगारी,खस्ताहाल स्वास्थ्य व्यवस्था व बदहाल कानून व्यवस्था से त्रस्त है और त्राहि-त्राहि कर रही है।
भाजपा की सरकार जनता के मूलभूत मुद्दों महंगाई,बेरोजगारी,शिक्षा,स्वास्थ्य व कानून व्यवस्था पर ध्यान न देकर नफरत,नकारात्मक व झूठ की राजनीति कर रही है,जिसको उत्तर प्रदेश सहित भारतवर्ष की जनता भली-भांति समझ चुकी है।यह उपचुनाव 2024 के लोकसभा चुनाव का लिटमस टेस्ट व सेमीफाइनल था, जिसमें भाजपा पूरी तरह से फेल हो चुकी है। घोसी उपचुनाव से जनता ने यह सिद्ध कर दिया कि वह अब भारतीय जनता पार्टी के कुशासन से छुटकारा पाना चाहती है। 2024 के लोकसभा चुनाव में जनता निश्चित रूप से भारतीय जनता पार्टी को हराने का काम करेगी।