
- उत्तर प्रदेश की अंडर-19 फुटबॉल टीम में हुआ चयन
अम्बेडकरनगर। कहते हैं प्रतिभा किसी की मोहताज नहीं होती है,उसे जब भी, जहां भी मौका मिलता है,अपना स्थान खुद बना लेती है। जिला मुख्यालय अकबरपुर स्थित ग्रिफिन पब्लिक स्कूल के छात्र शक्ति सिंह ने यह बात साबित कर दिखाई। प्रेस क्लब सचिव,पत्रकार बृजेंद्र वीर सिंह के छोटे बेटे शक्ति सिंह का फुटबॉल की राज्य स्तर की अंडर 19 टीम में चयन हो गया है। इस जानकारी के बाद परिवार में खुशी की लहर है। जिले की प्रतिभाएं दिनोंदिन आगे बढ़ती जा रही हैं। एथलेटिक्स से लेकर क्रिकेट-फुटबॉल तक हररोज खिलाड़ी उपलब्धि हासिल कर रहे हैं। वहीं इस बार जिला मुख्यालय अकबरपुर के गांधीनगर उसरहवा निवासी शक्ति सिंह का यूपी अंडर-19 क्रिकेट टीम में चयन हो गया है। प्रतिभावान शक्ति कक्षा 10 का छात्र है। अब शक्ति फुटबॉल प्रतियोगिता में प्रदेश की तरफ से खेलते हुए अपना दमखम दिखाएंगे। बता दें कि शक्ति सिंह ने ट्रायल में बेहतर प्रदर्शन किया जिसके आधार पर उसका यूपी अंडर-19 फुटबॉल टीम में चयन किया गया।
शक्ति को शुरू से ही खेलने का शौक रहा है। फुटबाल के खेल की प्रेरणा इसके नाना से मिली। स्व हरदेव सिंह मास्टर साहेब जौनपुर के जफराबाद थाना सुल्तानपुर गांव के निवासी थे। वह टीडी कॉलेज में खेल अध्यापक रहे। शक्ति के राज्य स्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता हेतु चयन होने पर माता पिता परिजन और हितमित्रों के खुशी का ठिकाना नही रहा। शक्ति की सफलता पर ग्रिफिन पब्लिक स्कूल के प्रबंधक प्रशांत पांडेय, प्रधानाचार्य थॉमस मॉक्टन आदि ने परिजनों को बधाई दी है। शक्ति सिंह का सपना है कि एक दिन वह भारतीय फुटबॉल टीम में शामिल होकर देश के लिए खेलें। ग्रिफिन पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य थॉमस मॉक्टन ने बताया कि शक्ति अपने साथियों के साथ विद्यालय के मैदान में तैयारी करता था। अच्छे प्रदर्शन से राज्य स्तर की अंडर 19 में चयन हो गया है। यह बेहद खुशी की बात है।