
हाथरस जिले में हुई घटना का मामला
ए अहमद सौदागर
लखनऊ। सूबे में आम आदमी तो दूर पुलिसकर्मी भी विभागीय या फिर किसी प्रताड़ना को लेकर जान दे रहे हैं। हाथरस जिले में एक पीएसी के जवान ने खुद को गोली मारकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हाथरस जिले के मुरसान धर्मा नगला निवासी 28 वर्षीय सचिन कुमार वर्ष 2019 में इटावा जिले में बतौर सिपाही के पद पर भर्ती हुआ था।
बताया जा रहा है कि सचिन संकिता बौद्ध स्थल ड्यूटी करने गया था। वह नगर पंचायत भदंत विजय सोम इंटर कॉलेज में रूका था। बताया जा रहा है कि वहां पर अन्य पुलिस के जवान आराम कर रहे थे कि इसी दौरान गोली चलने की आवाज सुनाई दी।
गोली चलने की आवाज सुनकर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तो देखा कि सचिन कमरे में खून से लथपथ पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि सिपाही सिर दर्द होने से कई दिनों से परेशान था जिसको लेकर विभाग के आलाधिकारियों से छुट्टी मांग रहा था, लेकिन जिम्मेदार अफसर उसकी पीड़ा को नजर अंदाज किया। वहीं जांच-पड़ताल में जुटी पुलिस का दावा है कि आरोप बेबुनियाद है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है। हालांकि खबर लिखे जाने तक खुदकुशी किए जाने की असल वजह का पता नहीं चल पाया है।