
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में कड़ाके की ठंड का प्रकोप बना हुआ है जिससे शुक्रवार सुबह यहां ट्रेनों की आवाजाही और हवाई यातायात पर असर पड़ा। रेलवे सूत्रों ने बताया कि कोहरे और खराब दृश्यता के कारण दिल्ली आने वाली 20 से अधिक ट्रेनों के आगमन में छह घंटे या इससे अधिक का विलंब हुआ। वहीं कम से कम सात ट्रेनों के दो-तीन घंटे देर से पहुंचने की संभावना है। घने कोहरे और कम दृश्यता के कारण दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे पर कई उड़ान संचालन प्रभावित हुआ। कई यात्रियों ने दिल्ली हवाई अड्डे पर उड़ानों के देरी से आने की शिकायत की।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार आज सुबह 05.30 बजे दृश्यता 50 मीटर से भी कम दर्ज की गयी। पंजाब, पश्चिमी राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, त्रिपुरा, उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा और पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी यही स्थिति रही। उत्तर भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान तीन-छह डिग्री सेल्सियस रहा। राष्ट्रीय राजधानी में आज न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री कम है। मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 25 जनवरी तक ऐसे ही हालात बने रहने के आसार हैं।(वार्ता)