
अजय कुमार
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के लिये उत्तर प्रदेश हमेशा महत्वपूर्ण रहा है। सबसे अधिक सांसद और राज्य के तौर पर सबसे अधिक विधायक देने वाला यूपी इस समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तेजतर्रार राजनीति के कारण हिन्दुत्व की प्रयोगशाला बन गया है। BJP ने 2022 के विधानसभा चुनाव में योगी के नेतृत्व में शानदार प्रदर्शन किया था।हालांकि इसके बाद 2024 के आम चुनाव में BJP को यहां से करारा झटका भी लगा था,यूपी में 70 सीटें जीतने का दावा कर रही BJP गठबंधन को मात्र 36 सीटों पर जीत हासिल हुई थी,जबकि समाजवादी पार्टी कांग्रेस गठबंधन को 42 एवं आजाद समाज पार्टी को एक सीट पर जीत हासिल हुई थी। और कांग्रेस ने छह सीटों पर जीत हासिल की थी। इससे योगी की छवि पर काफी बुरा असर पड़ा। अखिलेश पिछड़ा , दलित और अल्पसंख्यक(PDA)का दम भरने लगे,परंतु विधान सभा के उपचुनाव में योगी फिर से मुखर होकर उभरे उन्होंने समाजवादी पार्टी को पूरी तरह से चित कर दिया। इसके बाद अयोध्या की चर्चित मिल्कीपुर विधानसभा के उपचुनाव में भी BJP ने शानदार प्रदर्शन करते हुए समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के PDA की हवा निकाल दी। मिल्कीपुर के मतदाताओं ने जाति बिरादरी से ऊपर BJP को वोट किया।
कुल मिलाकर लोकसभा चुनाव 2024 के बाद यूपी की सियासत में काफी बदलाव आ चुका है। उस पर महाकुंभ सोने पर सुहागा साबित हुआ,जहां जातपात से ऊपर उठकर 66 करोड़ श्रद्धालुओं ने संगम में डुबकी लगाई। पूरा प्रदेश ही नहीं देश भी हिन्दू मय हो गया। इन बदलावों के बाद अब योगी कैबिनेट में भी बदलाव की चर्चा हो रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि नवरात्रि में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी कैबिनेट में बदलाव कर सकते हैं। वहीं यूपी में BJP अध्यक्ष के नाम की घोषणा के साथ संगठन में भी फेरबदल हो सकता है ।इस बात के कयास तब से लगना शुरू हुए जब दिल्ली में प्रधानमंत्री से योगी की मुलाकात हुई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 09 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। इस दौरान CM योगी ने पीएम से अप्रैल में जेवर एयरपोर्ट के लिए उद्घाटन का समय मांगा, लेकिन दोनों ही नेताओं के बीच करीब एक घंटे तक चली मुलाकात के बाद यूपी मंत्रिमंडल विस्तार से लेकर संगठनात्मक बदलाव तक के कयास लगाए जाने लगे हैं। बता दें महाकुंभ आयोजन के बाद CM योगी दो दिवसीय दौरे पर दिल्ली आए थे। प्रधानमंत्री से मुलाकात से एक दिन पूर्व CM योगी ने BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मुलाकात की थी।
बता दें यूपी में BJP के नये प्रदेश अध्यक्ष को लेकर लम्बे समय से मंथन चल रहा है,वहीं योगी कैबिनेट में 6 मंत्री पद भी खाली हैं। ऐसे में जेपी नड्डा और पीएम मोदी से CM योगी की मुलाकात को सरकार और संगठन में बदलावों पर सहमति बनाने के रूप में देखा जा रहा है। होली के बाद BJP को नया प्रदेश अध्यक्ष मिलना तय है, लेकिन सवाल यह उठता है कि योगी सरकार में भी फेरबदल होगा।
गौरतलब हो, उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में भले ही अभी दो साल बाकी हो, लेकिन हर समय चुनाव के लिये तैयार रहने वाली BJP ने अभी से 2027 के यूपी विधान सभा चुनाव के लिये सियासी बिसात बिछाना शुरू कर दी है। BJP के सामने चुनौती विपक्ष इंडिया गठबंधन, खासकर सपा के पिछड़ा दलित अल्पसंख्यक यानी PDA पॉलिटिक्स की है। 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा के PDA पॉलिटिक्स की नैया पर सवार अखिलेश यादव ने BJP को यूपी में तगड़ा झटका दिया। BJP का सवर्ण-पिछड़ा-दलित वोट बैंक वाला समीकरण कमजोर हुआ तो प्रदेश का राजनीतिक दृश्य ही बदल गया था।
हालांकि, विधानसभा उपचुनाव आते-आते CM योगी के नेतृत्व में BJP ने एक बार फिर समाजवादी पार्टी को चारो खाने चित कर दिया था, तभी CM योगी ने एक इंटरव्यू में कहा था कि उन्होंने यूपी चुनाव 2027 की रणनीति तैयार करनी शुरू कर दी है। इसको लेकर लगातार BJP जमीन पर काम करती दिख रही है। पीएम मोदी से मुलाकात के बाद माना जा रहा है कि नवरात्रों में योगी आदित्यनाथ अपने मंत्रिमंडल में बड़ा बदलाव कर सकते हैं। 2024 लोकसभा चुनाव के बाद से लगातार योगी सरकार में बदलाव की संभावना जताई जा रही है। योगी सरकार में मंत्री रहे जितिन प्रसाद ने लोकसभा सांसद बनने के बाद इस्तीफा दे दिया था। BJP के मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी की जगह नए अध्यक्ष का चुनाव होना है। ऐसे में भूपेंद्र चौधरी की योगी कैबिनेट में वापसी हो सकती है, क्योंकि संगठन की बागडोर संभालने से पहले मंत्री रहे हैं।
बता दें योगी सरकार में फिलहाल 54 मंत्री हैं जबकि अधिकतम 60 मंत्री हो सकते हैं। इस तरह यूपी सरकार में 6 मंत्री पद खाली हैं। इस तरह से योगी मंत्रिमंडल का विस्तार काफी दिनों से प्रस्तावित है। इसके अलावा योगी सरकार ने पिछले दिनों में अपने कई मंत्रियों के कार्य और जमीन पर उनके असर की समीक्षा की थी। इस आधार पर योगी मंत्रिमंडल में बदलाव की संभावना जताई जा रही है।
माना जा रहा है कि नवरात्रि में योगी मंत्रिमंडल में बड़ा बदलाव हो सकता है। योगी मंत्रिमंडल विस्तार को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी को लेकर महत्वपूर्ण समझा जा रहा है। BJP कैबिनेट विस्तार के जरिए अपनी रणनीति को अमली जामा पहना सकती है। बात सपा की कि जाये तो समाजवादी पार्टी जिस तरह पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक का जिताऊ फॉर्मूला तैयार कर रही है, उसे मंत्रिमंडल के चेहरों से काउंटर करने की रणनीति पर विचार किया जा रहा है। इसके अलावा जमीन पर पकड़ रखने वाले नेताओं को योगी मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। इसके जरिए कार्यकर्ताओं को एक बड़ा संदेश देने की रणनीति है।
उत्तर प्रदेश में जल्द ही नए प्रदेश अध्यक्ष का भी ऐलान हो सकता है। BJP के संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया प्रदेश में चल रही है। मंडल अध्यक्षों के बाद अब जिला अध्यक्ष चुनाव की प्रक्रिया को पूरा करने में पार्टी जुटी हुई है। जिला अध्यक्ष की सूची में कुछ पेंच की वजह से अभी तक जारी नहीं की जा सकी है। ऐसे में CM योगी ने BJP के अध्यक्ष जेपी नड्डा और पीएम मोदी से मुलाकात के दौरान पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्ष के साथ संगठन के बदलाव पर चर्चा कर सहमति बनाने का फार्मूला निकाला होगा।
BJP के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी की जगह पार्टी की कमान कौन संभालेगा, इसे लेकर भी कई नामों पर कयास लगाए जा रहे हैं। BJP के लिए यूपी काफी अहम है। इसलिए, अध्यक्ष के चुनाव में कई चीजों का ध्यान रखा जा रहा है। 2022 में जब भूपेंद्र चौधरी को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया तो उनकी CM योगी से ट्यूनिंग का ख्याल रखा गया था। अब नए प्रदेश अध्यक्ष में भी इस बात का ख्याल रखा जाना तय माना जा रहा है। माना जा रहा है कि होली के बाद नए प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा की जा सकती है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश के वर्ष 2027 में होने जा रहे विधानसभा चुनाव की दिशा और दशा का भी निर्धारण हो जाएगा।
BJP संगठन में फेरबदल कर विपक्षी सपा के PDA समीकरण को ध्वस्त करने की पूरी रणनीति पर काम किया जा रहा है। BJP के संगठन में जिला स्तर पर भी पिछड़ा और दलित वर्ग को विशेष तरजीह दी जा रही है। BJP यादव जाति के नेताओं को भी संगठन में जिम्मेदारी दे रही है। लोकसभा चुनाव में सपा PDA को साधने के फेर में एक बड़े वर्ग को छोड़ती दिखी थी, लेकिन BJP 80 फीसदी वोटों को साधने की रणनीति पर काम कर रही है।
यूपी संगठन BJP की रणनीति तमाम जातियों को जगह देकर जमीनी स्तर पर सामाजिक समीकरण को साधने की है। CM योगी आदित्यनाथ कहते हैं कि यूपी में लड़ाई 80-20 की होने वाली है। मतलब समझाते हुए वे कहते हैं कि BJP 80 फीसदी भाग पर कब्जा जमाएगी और अन्य दलों के पाले में महज 20 फीसदी सीटें आने वाली हैं। इस तरह BJP की नजर 2027 में सत्ता की हैट्रिक लगाने की है, जिसके लिए ही सियासी ताना बाना बुना जाने लगा है। ऐसे में कैबिनेट विस्तार से लेकर संगठन में बदलाव कर एक मजबूत सियासी आधार तैयार करने की रणनीति है?