Exclusive: क्या होगा मेनका-वरुण का राजनीतिक भविष्य

 

  • गांधी घराने से ताल्लुक रखने वाले इन दो हस्तियों का नहीं है कोई पुरसाहाल 
  • मां बेटे आपस में सीट बदलकर लगातार जीतते रहे लोकसभा चुनाव
यशोदा श्रीवास्तव
वरिष्ठ पत्रकार यशोदा श्रीवास्तव

मेनका संजय गांधी भारतीय राजनीति के प्रमुख घराना गांधी परिवार का ही एक हिस्सा हैं। वे इंदिरा गांधी के छोटे बेटे स्व.संजय गांधी की पत्नी हैं। पति संजय गांधी के आकस्मिक मृत्यु के बाद वे इंदिरा गांधी से अलग रहने लगी थीं। मेनका की संजय गांधी से शादी और फिर उनके अलग रहने, की कथा बहुत लंबी है जिसका यहां जिक्र करना जरूरी नहीं है। अभी बात सिर्फ मेनका गांधी के राजनीतिक सफर की। और यह भी कि लगातार तीन बार भारत के लोकसभा में मेनका और वरुण अर्थात मां बेटे की मौजूदगी साथ साथ रहती थी जो 18 वीं लोकसभा में साथ साथ विदा हो गए। मां सुल्तानपुर से चुनाव लड़कर हार गई और बेटा पीलीभीत से टिकट से वंचित कर दिया गया। दोनों भाजपा में हैं। सवाल उठता है कि क्या गांधी परिवार के इस अहम हिस्से की वाया भाजपा सक्रीय राजनीति में वापसी हो पाएगी या इन्हें जान बूझकर अलग थलग पर कर दिया गया?

पति संजय गांधी की मृत्यु के बाद साल 1982 में राजनीति में आयीं मेनका गांधी ने संजय विचार मंच का गठन किया था और इसी बैनर तले खुद को गांधी परिवार से अलग एक राजनेत्री स्थापित करने में जुट गईं। इसी बैनर पर उन्होंने पहला चुनाव अमेठी संसदीय सीट से अपने जेठ राजीव गांधी के खिलाफ लड़ा जिसमें उन्हें करारी हार का सामना करना पड़ा।

मेनका गांधी 1988 में जनता दल में शामिल हो गयीं और वे 1989 में दूसरा चुनाव जनता दल के टिकट पर पीलीभीत संसदीय सीट से लड़ीं और जीत गईं। लेकिन उन्हें 1991 के संसदीय चुनाव में हार का सामना करना पड़ा। यह मध्यावधि चुनाव था। वे जनता दल के टिकट पर 1996 में फिर पीलीभीत संसदीय सीट से लड़ीं और कामयाब हुईं। किन्हीं कारणों से परिस्थितियां बदलीं और 1998 और 1999 में उन्हें पीलीभीत से ही निर्दल चुनाव लड़ना पड़ा। बतौर निर्दल प्रत्याशी वे दोनों बार जीतीं लेकिन इस दोनों बार उन्हें भाजपा का समर्थन हासिल था। बता दें कि 1996 के बाद 1998 और 1999 में लगातार लोकसभा के दो मध्यावधि चुनाव हुए थे। दर असल यही वह साल था जब मेनका गांधी के भाजपा में दाखिल होने का मार्ग प्रशस्त हुआ। और अंततः2004 में वे भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गईं। इस तरह करीब डेढ़ दशक बाद उनकी राजनीति की दूसरी पारी शुरू हो गई।

भाजपा के टिकट पर ही वे 2004 में पीलीभीत से, 2009 में आंवला से, 2014 में फिर पीलीभीत से तो 2019 में सुल्तानपुर संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी के रूप में संसद पहुंचने में कामयाब होती रहीं। इधर जब बेटा वरुण राजनीति के लायक हुआ तो उसे 2009 में पीलीभीत से मैदान में उतार कर खुद आंवला चली गईं। पीलीभीत से बेटा और आंवला से मां जीतकर संसद पंहुच गईं। वर्ष 2014 में मेनका पीलीभीत चली गईं और वरुण सुलतानपुर। इस चुनाव में भी मां बेटे जीतकर संसद पंहुचे। 2019 में मां बेटे सीटें बदलकर एक दूसरे की सीट से लड़ने चले गए। बेटा वरुण पीलीभीत से जीता तो मेनका सुल्तानपुर से जीत गईं। इस तरह तीन मर्तवा मां बेटे एक साथ संसद में बिराजमान थे।

2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने वरुण गांधी का टिकट काटकर पीलीभीत से जतिन प्रसाद को दे दिया जबकि सुल्तानपुर से उनकी मां मेनका गांधी का टिकट बरकरार रखा। भाजपा का टिकट बंटवारे का यह फैसला चकित करने वाला था कि 40 साल के युवा बेटे का टिकट काटकर करीब 67 साल की वृद्धि मां को टिकट दिया गया। उम्मीद थी कि इस फैसले पर मेनका गांधी भाजपा नेतृत्व से इतना तो कहेंगी ही कि यदि एक ही टिकट देना है तो बेटे को ही दीजिए लेकिन उन्होंने एक जबान नहीं कहा। ऐसा नहीं है कि पीलीभीत से टिकट कटना वरुण गांधी को अच्छा लगा होगा लेकिन उन्होंने इस दंश को सहा। वरुण गांधी अपने चुनाव क्षेत्र में या कहीं भी किसी कार्यक्रम में बेरोज़गारी,मंहगाई,भ्रष्टाचार पर बोलने से नहीं चूकते थे लेकिन मोदी की तारीफ में कसीदे भी पढ़ते थे। वरुण की मुखरता ही उनके टिकट कटने की वजह बनी,यह सर्वविदित है।

टिकट कटने के बाद इस लोक सभा चुनाव में उनकी भूमिका को लेकर चर्चा शुरू हो गई थी। पार्टी नेतृत्व ने उन्हें प्रचार के लायक भी नहीं समझा। तमाम कयासों के बीच वे सुल्तानपुर अपनी मां की प्रचार में गए और मेनका गांधी को पूरे सुल्तानपुर की मां बताकर उन्हें जिताने की अपील की। सुल्तानपुर ने इस मां को खारिज कर सपा के बाहरी उम्मीदवार राम भुवाल निषाद को जिता दिया। अगले लोकसभा चुनाव तक मेनका गांधी शायद चुनाव लड़ने की स्थिति में न रहें जबकि वरुण के सामने पूरा भविष्य पड़ा हुआ है। इसी लोकसभा चुनाव में वरुण के कभी कांग्रेस तो कभी सपा में जाने की चर्चा थी जिसे बीबीसी के एक इंटरव्यू में मेनका ने सिरे से खारिज करते हुए इसे मीडिया के दिमाग की उपज बताया था। राहुल गांधी के पदयात्रा पर मेनका ने कहा था वे लोगों में स्वीकार्य नहीं हो पा रहे। ऐसी ही धारणा उनकी प्रियंका गांधी को लेकर भी थी। अब 2024 के लोकसभा चुनाव परिणाम के संकेत को मेनका गांधी भी महसूस कर रही होंगी। आठ बार की सांसद मेनका गांधी जब 2024 में अपनी हार की समीक्षा की होंगी तो उन्हें पब्लिक में स्वीकार्यता का मतलब समझ आ गया होगा। जहां तक बेटे वरुण के राजनीतिक भविष्य का सवाल है तो भाजपा से उनके टिकट को लेकर संशय है जबकि राहुल,प्रियंका और सोनिया गांधी को वरुण की जन स्वीकार्यता पर कोई संशय नहीं है। वरुण को लेकर इस परिवार की राय निगेटिव नहीं है और न कभी रही जबकि राहुल और प्रियंका को लेकर मेनका की राय अजीब तरह की है। तो क्या मां की इच्छा के विपरीत वरुण राजनीति की कुछ अलग राह चुन सकते हैं? जी हां! आने वाले वक्त में यदि ऐसा हुआ तो ताज्जुब की बात नहीं।

Analysis

गुरुनानक देव का पुण्य दिवस आज, जानिए उनकी पवित्र जीवनी

राजेन्द्र गुप्ता, ज्योतिषी और हस्तरेखाविद आज गुरु नानक देव जी की पुण्यतिथि है। उनकी मृत्यु 22 सितंबर 1539 ईस्वी को हुई थी। आश्‍विन मास के दशमी तिथि के दिन उनका निधन हुआ था। तारीख के अनुसार गुरु नानक देव जी ने 22 सितंबर 1539 को करतारपुर में अपने प्राण त्याग दिए थे। आइए जानते हैं- […]

Read More
Analysis

…इस तरह हीरो बनकर उभरी एक विधायक की छवि, जानें क्या है इसके पीछे की अंतर्कथा

कभी कभी कुछ ऐसे वाकयात सामने से गुजरते हैं जो यह बताते हैं कि उम्मीद अभी बाकी है। आज के जो हालात है,उसमें न्याय की उम्मीद कम है लेकिन जब कोई अकेला आपको न्याय दिलाने पर अड़ जाय तो यकीनन न्याय मिले न मिले आपकी उम्मीद की आश खत्म होने से बच जाती है। यह […]

Read More
Analysis

दो टूकः भारतीय Startups पर बढ़ता कर्ज का बोझ, यह कैसी नीति

राजेश श्रीवास्तव मोदी सरकार लगातार स्टर्टअप्स को लेकर खासी चर्चा में रहती है। चाहे लालकिला हो या फिर युवाओं के बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगभग अपने हर भाषण में स्टार्टअप्स को लेकर खासे दावे करते हैं लेकिन इसके पीछे की हकीकत को लेकर देश के रणनीतिकार इन दिनों खासी चिंता में हैं। भारतीय स्टार्टअप्स का […]

Read More